बलरामपुर Balrampur. रेप केस में सजा काटकर लौटे शख्स ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल जेल से छूटने के बाद मृतक युवक को दोबारा झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। इसी से तंग आकर युवक ने फांसी लगा ली। युवक ने सुसाइड नोट छोड़ रखा था जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
यह पूरा मामला मामला बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यहां रहने वाले सुनील कुमार खैरबार ने दो माह पहले 12 मार्च 2023 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पुलिस को घटना स्थल पर सुसाइड नोट मिला था जिसमें आत्महत्या की वजह लिखी हुई थी। सुसाइड नोट का परीक्षण राजकीय प्रश्नापद प्रलेख अपराध अनुसंधान विभाग पुलिस मुख्यालय रायपुर से कराया गया जिसमें मृतक का हस्तलिपि होने की पुष्टि हुई।

हैंडराइटिंग की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने इस मामले में सहदेव सिंह (60), धनपतिया पति सहदेव सिंह गोड (30),रामफल पोया (59) के साथ एक अन्य युवती को गिरफ्तार किया है। यह सभी शंकरपुर के ही रहने वाले है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुसाइड करने वाले युवक सुनील खैरबार पर युवती द्वारा 2015 में अपहरण,दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को धारा 341,363, 366(क), 376, 506 एवं 05 (3) 06 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया।

7 साल की सजा के बाद युवक जेल से छूटा तो सुनील खैरबार पर दबाव बनाया जाने लगा किया रेप पीड़िता को पत्नी बनाए और 50 हजार रुपए भी दे। इसके लिए लगातार परिवार के लोग उसे परेशान कर रहे थे। वे सभी युवक को दोबारा जेल भेजने की धमकी दे रहे थे जिससे वह काफी परेशान हो गया था। इससे तंग आकर युवक ने 12 मार्च को फांसी लगा ली थी। इस घटना के बाद जांच हुई और सभी को धारा 306, 34 का आरोपी पाया गया। इसके तहत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।