कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में दिनदहाड़े बड़ी चोरी हो गई। यहां एक परिवार दशगात्र कार्यक्रम में गया था और पीछे से चोरों ने धावा बोला। घटना जुनवानी-घोटिया में रोड़ के पास बने कच्चे मकान की है जहां 27 लाख रुपए नगदी रखा हुआ था। कच्चे मकान की दीवार में होल कर चोरों ने प्रवेश किया था और नगदी पार कर दिया। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार यह चोरी विजय साहू के कच्चे मकान में हुई है। विजय साहू ने अपना घर बनाने के लिए जमीन बेचकर रुपए जमा किए थे। इस बीच मंगलवार पूरा परिवार दशगात्र कार्यकम में गए थे। 27 लाख रुपए उसने घर के एक पेटी में रखे थे। दशगात्र कार्यक्रम से लौटे तो देखा कि कच्चे मकान की दीवार में होल है और घर के अंदर जाकर देखा तो पेटी से 27 लाख गायब हैं। इसके बाद विजय साहू के होश उड़ गए। आनन फानन में वह थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस को आशंका है कि चोर आसपास का हो सकता है जिसे पता था कि घर पर इतनी बड़ी रकम रखी हुई है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा।
