भिलाई Bhilai. गुरुवार दोपहर को लाइफ केयर सुपेला के पीछे चल रहे निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। दरअसल गुरुवार की दोपहर को सुपेला के लाइफ केयर हॉस्पिटल के पीछे निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों पर दीवार गिर गई। यह दीवार गड्ढे से लगी थी और उसी गड्ढे में मजदूर काम कर रहे थे। दीवार गिरने से दो मजदूर दब गए। दोनों को गंभीर हालत में शास्त्री अस्पताल ले जाया गया जहां एक महिला मजदूर की मौत हो गई। वहीं दूसरा मरीज खतरे से बाहर है। उसके पैर की हड्डी टूटी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सुपेला चौहान स्टेट के पास स्थित लाइफ केयर के पीछे निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पर कॉलम के लिए बड़े-बड़े गड्ढे किए गए हैं। एक गड्ढे में दो मजदूर काम कर रहे थे। इस गड्ढे से लगा एक बाउंड्रीवाल है जो गुरवार दोपहर को बाउंड्रीवॉल भरभराकर गिर गया। बाउंड्रीवॉल मलबा सीधे काम कर रहे मजदूरों पर गिरा। इससे दोनों मलबे के नीचे दब गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जैसे तैसे मलबे में दबे मजदूरों को निकाला गया और दोनों को शास्त्री अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया गया। अस्पताल में एक महिला मजदूर दशमत प्रजापति की मौत हो गई। वहीं दूसरे मरीज की हालत खतरे से बाहर है। यह मजदूर ठेकेदार पवन पात्रे के पास काम कर रहे थे। दीवार गिरने का कारण भी उसी गड्ढे को बताया जा रहा है जिसमें हादसा हुआ। दरअसल गड्ढे के कारण दीवार की नींव कमजोर हो चुकी थी और एक ओर झुक गया था। काम के दौरान यह दीवार मजदूरों पर गिर गई।
