कबीरधाम Kabirdham. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में स्थित डैम में बुधवार को एक महिला का शव मिला है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने हत्या की आशंका जताई है। महिला की हत्या के बाद शव को 25 किलो वजनी पत्थर से बांधा गया था। जहां डैम में महिला का शव मिला है, वह इलाका छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश का सीमावर्ती होने के साथ की नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। शव करीब सात से 10 दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटनास्थल कबीरधाम के रेंगाखार थाना क्षेत्र स्थत बहेराखार डेम का है। पुलिस ने बताया कि डैम में शव मिलने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे तो जंगल रेंगाखार से करीब आठ किमी दूर डैम में शव था। महिला की उम्र 25 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। पुराना होने के कारण शव सड़ गया जिससे पुलिस को चोट के निशान नहीं दिखाई दिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

रेंगाकार पुलिस का कहना है कि मृतक महिला स्थानीय हो सकती है। पुलिस शव की शिनाख्ती का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक महिला के हाथ में गोदना बना है। ऊंचाई करीब पांच फीट तीन इंच है। गुलाबी रंग की साड़ी, काला-पीली लाइनिंग का ब्लाउज, पहने हुए थी। गुलाबी रंग का चप्पल भी मौके से पुलिस को मिला है। पुलिस ने मोबाइल नंबर 9479192413 जारी कर महिला के संबंध में जानकारी देने की अपील की है। पुलिस को आशंका है कि है कि महिला की हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए उसे पत्थर से बांधकर डैम में फेंका गया।
