लुधियाना Ludhiana. रविवार सुबह पंजाब के लुधियाना में गैस लीकेज से 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है यह घटना शहर के ग्यासपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के नजदीक एक इमारत में बने गोयल मिल्क नाम की गोदाम में सुबह 7:15 बजे हुआ। हादसे में मृत लोगों में दो बच्चों के अलावा पांच महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं गैस रिसाव से लगभग 12 लोग बेहोश भी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया और ड्रोन से घरों के छतों को देखा गया ताकि यदि कोई और प्रभावित हो तो उसका रेस्क्यू किया जा सके। हादसे में जो मारे गए उनकी पहचान सौरव (35), वर्षा (35), आर्यन (10), चूलू (16), अभय (13), अज्ञात महिला (40), अज्ञात महिला (25), कल्पेश (40), नीतू देवी व नवनीत कुमार के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक गैस लीक होने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जिस मिल्क की गोदाम से गैस का रिसाव हुआ वहां कई कंपनियों के दूध का स्टॉक किया जाता है। बताया जा रहा है मिल्क प्रोडक्ट को ठंडा रखने के लिए गैस का इस्तेमाल किया जाता है और संभवत: वहीं लीक हुआ है। फिलहाल मौके पर एनडीआरएफ की टीम यहां पहुंच गई है और लोगों को रेस्क्यू करने का काम किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि एक्सपर्ट्स की टीम गैस लीक की जांच करेगी।
