भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाने में पदस्थ रहे और वर्तमान में डीएसबी के प्रभारी राजेन्द्र यादव को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। दुर्ग एसपी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए टीआई को सस्पेंड भी कर दिया है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला की शिकायत पर एसपी द्वारा कार्रवाई की गई।
दुर्ग एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि अमलेश्वर निवासी महिला ने अपने साथ हुए दुष्कर्म की शिकायत आईजी दुर्ग सहित एसपी कार्यालय में की थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह विधवा है और एक मामले की विवेचना के दौरान तात्कालीन अमलेश्वर थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव ने उससे शारीरिक संबंध बनाया। यही नहीं शादी का झांसा देकर राजेन्द्र यादव बीते 6 माह से भी ज्यादा समय से उससे दुष्कर्म करता रहा है। तीन दिन पहले महिला से मारपीट भी की थी।

इस मामले में महिला की शिकायत के बाद जांच की गई। एसपी पल्लव ने बताया कि जांच में महिला की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद राजेन्द्र यादव के खिलाफ धारा 376 के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी पल्लव ने राजेन्द्र यादव को निलंबित कर दिया है। इस दौरान उन्हें पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
