स्पोर्ट्स डेस्क/नई दिल्ली (एजेंसी)। बीसीसीआई ने साल 2022-23 के लिए महिला क्रिकेट खिलाडिय़ों के केंद्रीय अनुबंध का एलान कर दिया है। कुल 17 खिलाडिय़ों को केंद्रीय अनुबंध में शामिल किया गया है। महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के अलावा सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को ए ग्रेड में रखा गया है। बी ग्रेड में पांच और सी ग्रेड में नौ खिलाड़ी हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ए ग्रेड में मौजूद महिला खिलाडिय़ों को सालाना 50 लाख रुपये देता है। बी ग्रेड में मौजूद खिलाडिय़ों को 30 लाख रुपये और सी ग्रेड में शामिल खिलाडिय़ों को 10 लाख रुपये दिए जाते हैं।

सात नए खिलाडिय़ों को मिला अनुबंध
बीसीसीआई ने साल 2021-22 के सालाना अनुबंध में भी 17 खिलाडिय़ों को शामिल किया था, लेकिन पिछले अनुबंध का हिस्सा रहे सात खिलाडिय़ों को इस बार शामिल नहीं किया गया है। इन खिलाडिय़ों की जगह नए चेहरों को मौका दिया गया है। रेणुका ठाकुर, मेघना सिंह, देविका वैद्य, सब्बिनेनी मेघना, अंजली सरवानी, राधा यादव और यास्तिका भाटिया पहले केंद्रीय अनुबंध का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इस बार इन्हें अनुबंध में शामिल किया गया है। रेणुका एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्हें सीधे बी ग्रेड का अनुबंध दिया गया है, जबकि बाकी खिलाडिय़ों को सी ग्रेड में शामिल किया गया है।

केंद्रीय अनुबंध से बाहर हुईं ये खिलाड़ी
पूनम यादव, मिताली राज, झूलन गोस्वामी, तानिया भाटिया, पूनम राउत, शिखा पांडे, अरुंधती रेड्डी।

जेमिमा को फायदा, पूजा को नुकसान
जेमिमा रोड्रिग्ज और ऋचा घोष पहले सी ग्रेड में थीं, इन दोनों को अब बी ग्रेड का अनुबंध दिया गया है। वहीं, राजेश्वरी गायकवाड़ को ए ग्रेड से बी ग्रेड में भेज दिया गया है। पूजा वस्त्राकर को भी बी से सी ग्रेड में कर दिया गया है। पूर्व कप्तान मिताली राज और तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी संन्यास ले चुकी हैं। इस वजह से ये दोनों दिग्गज भी अनुबंध का हिस्सा नहीं हैं।