भिलाई Bhilai. बिना हेलमेट बुलेट चला रहे दुर्ग पुलिस के एएसआई पर एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने तत्काल कार्रवाई की है। श्रीकंचनपथ के वेबसाइट पर खबर आने के एसपी डॉ पल्लव ने संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई की। बिना हेलमेट के बुलेट चला रहे पुलिस कर्मी का नाम एएसआई गुप्तेश्वर यादव है। दुर्ग की यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 800 रुपए का चालान काटा है। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर एसपी डॉ पल्लव ने यह दिखाया है कि नियम कानून सभी के लिए बराबर है।

बता दें दुर्ग पुलिस के एएसआई का बुलेट चलाते वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सीजी 07 एएल 1057 नंबर की बुलेट को पुलिस कर्मी बिना हेलमेट के चला रहा है। सुपेला थाने के सामने से दुर्ग की जागरूक जनता ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वायरल वीडियो के आधार पर श्रीकंचनपथ समाचार पत्र के संवाददाता ने खबर प्रकाशित की और यह खबर दुर्ग पुलिस कप्तान डॉ अभिषेक पल्लव तक पहुंची।


खबर वायरल होेने के बाद एसपी पल्लव ने जरा सी भी देर नहीं की और संबंधित वीडियो में बुलेट चलाने वाले पुलिस कर्मी की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर को दिए। यातायात पुलिस ने बुलेट चलाने वाले का पता लगाया। दरअसल बुलेट चलाने वाला दुर्ग पुलिस का एएसआई है। पुलिस ने नियमानुसार 800 रुपए का चालान काटा। इस कार्रवाई से दुर्ग पुलिस की शानदार छवि सामने आई है क्योंकि अपने ही विभाग के कर्मचारी का चालान काटकर दुर्ग पुलिस ने यह संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है।

यातायात डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि आम नागरिक के द्वारा दुर्ग पुलिस के सोशल मीडिया में भिलाई नगर थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक गुप्तेश्वर यादव के द्वारा बिना हेलमेट वाहन चालन करते हुए फोटो व वीडियो सेंड किया गया। जिस पर कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194( घ) ( बिना हेलमेट वाहन चलाना) और 50(2) (वाहन में गलत तरीके से नंबर लिखना) की धाराओं के तहत 800 रुपए चालान किया गया।