भिलाई। दुर्ग जिले के जल संसाधन विभाग में कार्यरत महिला अफसर के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। जल संसाधन विभाग की उक्त महिला अफसर सरकारी आवास छोड़कर बोरसी के मकान में अपने पति के साथ रहती है। उनका पति नागालैण्ड में आर्मी अफसर है। महिला कभी-कभी सरकारी आवास पहुंचती थी। बुधवार शाम को वह अपने सरकारी आवास में पहुंची तो घर के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर से कांसे के बर्तन राशन का सामान चोरी हो गया। इस मामले में महिला के आर्मी अफसर पति की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पद्मनाभपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जल संसाधन विभाग दुर्ग में पदस्थ कात्यानी उपाध्याय के सरकारी आवास में चोरी हुई है। इस संबंध में उनके पति सेना के अफसर कुमार गौरव ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वे छुट्टी पर घर आए हैं। उनकी पत्नी को सिविल लाईन पद्मनाभपुर दुर्ग में क्वाटर नंबर जी-3 एलाट है। उन्होंने बताया कि वर्तमान वे डी-2 गणपति विहार बोरसी में रहते हैं सिविल लाईन दुर्ग में उनका आधा सामान रखा हुआ था।

वे लोग बीच बीच में सरकारी आवास पहुंचकर देख जाते थे। इस बीच 16 अप्रैल को वे घर गए थे तो सब ठीक था। इसके बाद 19 अप्रैल यानी बुधवार शाम को उनकी पत्नी कात्यायनी उपाध्याय घर पहुंची तो सारा सामान बिखरा हुआ था और घर में रखे कांसे की थालियां, लोटा, गिलास, सेव बनाने का मसीन एवं राशन सामान आदि चोरी हो गया। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
