जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में सिरफिरे ने एसिड से हमला कर दिया है। एसिड अटैक से दूल्हा-दुल्हन सहित कुल 10 लोग झुलस गए हैं। झुलसने वाले सभी को जगदलपुर के महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना के मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है लेकिन पुलिस को यह पता नहीं चल पाया है कि एसिड अटैक किसने किया और क्यों किया।
मिली जानकारी के अनुसार एसिड अटैक की यह घटना जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र का है। बुधवार को यहां के सुधापाल गांव के रहने वाले डमरू बघेल की शादी सुनीता कश्यप के साथ हो रही थी। हर तरफ खुशी का माहौल था। इस बीच देर शाम अचानक बिजली गुल हो गई और समारोह स्थल पर अंधेरा छा गया। इस बीच किसी ने दूल्हा-दुल्हन व आसपास के लोगों पर एसिड फेंक दिया और फरार हो गया।

एसिड अटैक से दूल्हा डमरु बघेल (23), व दुल्हन सुनीता सुनीता कश्यप (19) के साथ संपत बघेल (32), छह साल का टेमेश्वर मौर्य, तुला कश्यप (19), चार साल की जामनी कश्यप, गूंजी ठाकुर (25) कारी बाई कश्यप (29), गुनमनी कश्यप (29), मालती कश्यप (38), मिटकी कश्यप (38), गोयनदा कश्यप (38) घायल हुए हैं।

अचानक हुए हमले से यहां पर हड़कंप मच गया। चारों ओर चीख पुकार मच गई। कुछ देर पहले जहां सभी खुश थे वहां अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसिड अटैक करने वाला अज्ञात है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इधर सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराय गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल ने बताया कि, घटना की जानकारी मिली है। एसिड अटैक करने वाले की तलाश की जा रही है। उसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि लाइट जाने के दौरान वारदात हुई है।