मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला में भाजपा नेता की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। सोमवार सुबह राहगीरों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान चिल्फी निवासी शत्रुघन साहू (45) के रूप में हुई। शत्रुघन साहू यहां गोंडखाम्ही भाजपा मंडल के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का महामंत्री था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शत्रुघन साहू रविवार को घर से निकला तो वापस नहीं लौटा। उसके नहीं लौटने पर परिवार वाले भी उसकी तलाश कर रहे थे। इधर सोमवार को सुबह उसका शव ग्राम गोल्हापारा में रोड किनारे मिलने की सूचना मिली। बताया जा रहा है शत्रुघन साहू का पारिवारिक विवाद चल रहा था और उसकी कई लोगों से ठीक से जमती नहीं थी। पुलिस को आशंका है कि शत्रुघन साहू की किसी ने हत्या कर शव को फेंका है। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।