भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा में बुधवार को नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष व संचेतक का चयन किया गया। भिलाई तीन के शांति पारा वार्ड के पार्षद राम खिलावन वर्मा नेता प्रतिपक्ष चुने गए। रेलवे कॉलोनी चरोदा के पार्षद चंद्र प्रकार पाण्डेय को उपनेता प्रतिपक्ष व डबरापारा पार्षद तुलसी राम ध्रुव को सचेतक बनाया गया। नेता प्रतिपक्ष, उपनेता प्रतिपक्ष व संचेतक के चयन के लिए चरोदा के एक होटल में बैठक हुई। इस बैठक में भाटापारा विधायक शिव रतन शर्मा प्रभारी के रूप मे उपस्थित रहे। इस दौरान दुर्ग सांसद विजय बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा व सांवलाराम डाहरे भी उपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष का चुनाव गहमा गहमी भरा है। प्रभारी शिव रतन शर्मा ने आम सहमति से नेता प्रतिपक्ष चुनने का प्रयास किया लेकिन सहमति बनी नहीं। एक से ज्यादा दावेदार होने के कारण मतदान प्रक्रिया अपनाई गई। भिलाई चरोदा निगम में भाजपा के कुल 16 पार्षद है जिन्होंने गुप्त मतदान किया। जिसमें राम खिलावन वर्मा को सर्वाधिक मत मिले। दूसरे चंद्र प्रकाश पाण्डेय व तीसरे स्थान पर तुलसी राम ध्रुव रहे। इस प्रकार नेता प्रतिपक्ष के साथ अन्य दो पदों पर चयन किया गया। भिलाई चरोदा निगम चुनाव के लगभग सवा साल बाद निगम को नेता प्रतिपक्ष मिला है।
