भिलाई। पूरे देश में एक बार फिर से कोरोना के मामले में बढ़ रहे हैं और छत्तीसगढ़ भी इससे अछूता नहीं है। अन्य राज्यों की तूलना में छत्तीसगढ़ की स्थिति ठीक कही जा सकती है लेकिन जिस तेजी से मामले बढ़ रहे हैं वह चिंता का विषय है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में 81 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके साथ ही प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 442 तक पहुंच गई है। इस बीच एक मरीज की मौत भी हुई है। हालांकि मरने वाले व्यक्ति को दूसरी बीमारियां भी थी।
शनिवार को प्रदेश में 2153 सैम्पलों की जांच की गई। जिनमें 81 मरीजों की पुष्टि हुई है। राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा 27 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके अलावा बलरामपुर से 14, राजनांदगांव और दुर्ग से 8-8 मरीज, बिलासपुर से 6 मरीज, बालोद, गौरेला पेंड्रा मरवाही, कांकेर और जांजगीर चांपा से 5-5 संक्रमित पाए गए हैं। धमतरी से 4, महासमुंद से 3, सूरजपुर से 2 तथा बस्तर और कोंडागांव से एक-एक मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अप्रेल माह की शुरुआत से ही मामलों में तेजी देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधनी बरतने की अपील की है।
