बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार को दो गुटों के बीच भारी विवाद के बाद खूनी संघर्ष हो गया। जिले के बीरमपुर गांव में गुटीय विवाद में एक युवक की हत्या हो गई और कई युवक घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है विवाद यहां के हिन्दू व मुस्लिम युवाओं के गुट के बीच हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के बीरमपुर गांव में शनिवार दोपहर बाद हिंदू और मुस्लिम युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। मौक पर एक एएसआई चोट आई है। घटना के बाद से यहां तनाव का माहौल है और भारी संख्या में पुलिस बल को भेजा गया है। बताया जा रहा है कि यहां पर कुछ दिनों से हिन्दू व मुस्लिमों के बीच विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि यहां पर दोनों गुटों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया है। यही नहीं बीरमपुर गांव में साहू समाज के लोगों की अधिकता है और इस घटना के बाद समाज में आक्रोश का माहौल है। वहीं घटना के बाद से पुलिस भी दोनों पक्षों को समझाइश देने में जुटी है। घटना में घायल हुए युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर लिखे जाने तक मौके पर तनाव बना हुआ है। पुलिस की ओर से भी अभी तक कुछ अधिकारिक बयान नहीं आया है।
