बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा के एक उभरते नेता ने आत्महत्या कर ली है। घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र भाजपा नेता यहां के लोकप्रिय नेताओं में से एक थे और इनकी आत्महत्या से जिले में शोक की लहर है। घटना की सूचना के बाद दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष और चिखलाकसा नगर पंचायत के सांसद प्रतिनिधि विक्रम धुर्वे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विक्रम धुर्वे डौंडीलोहारा सीट से विधानसभा के सशक्त प्रत्याशी थे। उनकी लोकप्रियता काफी थी लेकिन इस प्रकार आत्महत्या ने सभी को चौंका दिया है।
दल्ली राजहरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब टीम भाजपा नेता के घर पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर जाने के लिए पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा था। घर में भाजपा नेता की लाश फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। घटना के समय भाजपा नेता घर पर अकेले थे। मौके पर पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है जिसमें उन्होंने लिखा कि किसी से कोई तकलीफ नहीं है लेकिन वे काफी परेशान है इसलिए जीना नहीं चाहते। उन्हें क्या परेशानी थी इसका नोट में जिक्र नहीं है। उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार उनके भाई और गांव वाले मिलकर करें।