इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में रामनवमी के हवन के दौरान बावड़ी पर बनी छत धंसने से कई श्रद्धालु गिर गए। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अभी तक 19 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। बावड़ी से कुल 11 शव निकाले गए, जबकि पुलिस ने रस्सियों की मदद से 19 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है। नगर निगम ने तीन पंप बुलाए है, जिनकी मदद से पानी निकाला जा रहा है।
बता दें गुरुवार सुबह स्नेह नगर के पास पटेल नगर में स्थित बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हादसा हुआ। यहां बावड़ी पर बनी छत धंस गई और इस पर खड़े लोग बावड़ी में गिर गए। बावड़ी की छत टूटने से 25 से 30 लोग इसमें गिर गए। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। मौके से ही पुलिस को भी सूचना दी गई। घटना के बाद रस्सी व सीढ़ी लगाकर लोगों को निकाला गया। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दुख प्रकट किया है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया गया है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

बता दें रामनवमी के मौके पर मंदिर में हवन हो रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोग पूजा-अर्चना और आरती कर रहे थे। मंदिर में एक बावड़ी थी, इस पर 10 साल पहले छत डाल दी गई थी। पूजा के दौरान 25 से 30 लोग बावड़ी की छत पर खड़े थे, तभी छत धंस गई। छत धंसने से लोग इसमें गिर गए। यह बावड़ी लगभग 40 फीट गहरी बताई जा रही है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने रेस्क्यू शुरू कर दिया। बावड़ी में पानी ज्यादा होने के कारण उसे निकाला जा रहा है।
