जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महिला का अपहरण के बाद दो दिन तक बंधक बनाकर रेप करने का मामला सामने आया है। दरअसल महिला अपने पति से विवाद के बाद पड़ोसी के घर चली गई और रात में वहीं सो गई। आधी रात को एक सिरफिरा घर में घुसा और महिला को जबरन अपने घर लेकर गया। घर पर दो दिनों तक बंधक बनाकर उसका रेप किया। महिला जब सिरफिरे के चंगुल से छूटी तो उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में धारा 363, 366, 342, 376(2) (एन), 506 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह पूरा मामला जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 8 मार्च की रात को उसका अपने पति से झगड़ा हो गया। पति से झगड़ा करने के बाद महिला अपने पड़ोस में चली गई और वहीं पर सो गई। पीड़िता ने बताया कि उसी रात करीब 11 बजे दुबराज यादव नाम का युवक घर पहुंचा और उसे जबरन उठाकर अपने घर ले गया। अपने घर ले जाने के बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए 10 मार्च तक उसका रेप किया। 10 मार्च की सुबह युवक ने उसे छोड़ दिया।
युवक के चंगुल से निकलकर वह घर पहुंची और अपने पति को इसकी जानकारी दी। घटना के बाद दुबराज यादव फरार हो गया था। इसके बाद इस मामले में महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी दुबराज यादव की पताचाजी की और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रविशंकर तिवारी, एसआई केपी सिंह, एएसआई बैजंती किण्डो, आरक्षक नारायण सिंह, चुरामन साहू, हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





