रायपुर। राजधानी रायपुर के मिलेट कार्निवाल में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के 7 राज्यों के स्टार्टअप द्वारा मिलेट उत्पादों की बिक्री सह प्रदर्शनी लगाई गई है। स्टार्टअप द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में मिलेट से तैयार केक, कुकीस, सूप, लड्डू सहित विभिन्न उत्पाद रखें गए हैं। इन उत्पादों के संबंध में आम लोगों द्वार उत्साह से जानकारी ली जा रही है। कार्निवाल प्रतिदिन आम लोगों के लिए दोपहर 12 बजे से रात्रि 10 बजे तक खुला रहेगा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वन मंत्री मोहम्मद अकबर, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर के साथ कार्निवाल में स्टार्टअप द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री बघेल ने इस मौके पर लाईव फूड कांउटर का शुभारंभ भी किया। इस काउन्टर में स्व सहायता समूह के महिलाओं के द्वारा मिलेट के भजिए, पकौड़े, कटलेट आदि तैयार किए जा रहें थे। मुख्यमंत्री ने अवलोकन के दौरान महिलाओं द्वारा तैयार किए गए भजिए और पकौड़े का आनंद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को महिलाओं ने मिलेट से तैयार किए गए आकर्षक डॉल भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।
देश के नामी शेफ विकास चावला और नीरज त्यागी कल देगें लाईव डिमोस्टेशन
सुभाष स्टेडियम में चल रहें छत्तीसगढ़ मिलेट कार्निवाल में कल 18 फरवरी को देश के नामी शेफ विकास चावला और नीरज त्यागी मिलेट के नए-नए व्यजन बनाना सिखाएगें। लोगों के बीच लाईव डिमोस्टेशन भी देंगे। इसके आलावा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ दैनिक आहार में मिलेट को शामिल करने और इसके फायदे के संबंध में लोगों से चर्चा करेंगे। मिलेट कार्निवाल में 18 फरवरी को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2.15 बजे से छत्तीसगढ़ में मिलेट की खेती एवं उपार्जन: चुनौती एवं अवसर पर संगोष्ठी, 3.15 बजे से नामी शेफ श्री विकास चावला, रेस्टोरेंट सलाहकार एवं शेफ श्री नीरज त्यागी मिलेट के व्यंजन बनाना सिखाएंगे। इसी प्रकार शाम 4.15 बजे से ‘मिलेट प्रसंस्करण और मूल्यवर्धनपर संगोष्ठी और पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन होगा। शाम 7 से 8 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग द्वारा किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के बीच-बीच में मिलेट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी के संबंध में नुक्कड़ नाटको का आयोजन होगा।





