इंदौर। भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी। रोहित शर्मा ने 83 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। वहीं शुभमन गिल ने 72 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। शुभमन 72 गेंदों में 103 रन बनाकर खेल रहे हैं। खबर लिखे जाने तक भारत का स्कोर 26 ओवरों 212 रन तक पहुंच गया है। अभी 27 वां ओवर शुरू ही हुआ और बड़ा शॉट मारने के चक्कर में रोहित शर्मा आउट हो गए।
रोहित के वनडे करियर का 30वां शतक 83 गेंदों पर आया है। रोहित ने अब तक अपनी पारी में 9 चौके और 6 छक्के जमाए हैं। भारतीय ओपनर शुभमन गिल ने इस सीरीज में दूसरा शतक जमाया है। उन्होंने पहले मैच में दोहरा शतक जमाया था। गिल का यह वनडे करियर का चौथा शतक 72 गेंदों पर आया है। गिल ने अब तक अपनी पारी में 13 चौके और 4 छक्के जमाए हैं। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दोहरी शतकीय साझेदारी की।




