कैमूर। बिहार में पुलिस की बर्बरता का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एक बुजुर्ग पर महिला पुलिस कर्मी लाठी बरसा रही हैं और बुजुर्ग बार बार पूछ रहा है कि मेरी गलती क्या है। महिला पुलिस कर्मियों पर तो जैसे खून सवार था वे बुजुर्ग केा पीटे जा रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बिहार के कैमूर जिले का बताया जा रहा है और यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद अब महिला पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इस मामले में कैमूर के एसपी ने डीएसपी को जांच करने का आदेश दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना कैमूर जिले के जयप्रकाश चौक के पास एक बुजुर्ग साइकिल से सड़क पार कर रहे थे। तभी दो महिला कॉन्स्टेबलों ने बुजुर्ग को टोका और इसके बाद डंडे से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद बुजुर्ग शिक्षक आगे बढ़ने लगा लेकिन महिला कॉन्स्टेबल बुजुर्ग की साइकिल को रोककर ताबड़तोड डंडे बरसाने शुरू कर दिए। पीडित बुजुर्ग का नाम नवल किशोर पाण्डेय बताया जा रहा है। वह पेशे से शिक्षक हैं और अंग्रेजी स्कूल में पढ़ाते हैं।

बजुर्ग ने बताया 20 से अधिक डंडे बरसाए
घटना के बाद पीड़त बुजुर्ग ने बताया कि वे यहां के निजी स्कूल में पढ़ाते हैं। शुक्रवार को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद दोपहर 3 बजे जयप्रकाश चौक से वापस घर जा रहे थे। इस दौरान वे साइकिल से रोड क्रॉस करने लगे तभी दो महिला कॉन्स्टेबलों ने कुछ कहा। यह बात बुजुर्ग शिक्षक को सुनाई नहीं दी और वह आगे बढ़ गया। इसके बाद दोनों कांस्टेबल साइकिल को रोक लिया और डंडे से मारने लगी। बुजुर्ग पूछता रहा कि क्यों मार रहे मेरी गलती क्या है। महिला कांस्टेबलों का कहना था कि बुजुर्ग ने उन दोनों को गाली दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
