रायपुर। राजधानी रायपुर में रविवार को राज्यस्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना कर इन खेलों का शुभारंभ किया। प्रदेश में पहली बार ऐतिहासिक छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय स्पर्धाएं हो रही हैं जिसका शुभारंभ सीएम भूपेश बघेल ने किया है।
बता दें राज्यस्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में 14 तरह की खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें गिल्ली-डंडा, पिट्ठूल, संखली, लंगड़ी-दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, बांटी, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद आदि खेल शामिल हैं। यह सभी छत्तीसगढ़ के ग्रामीण खेल हैं। ये सारे खेल समय के साथ-साथ पीछे छूटते जा रहे थे, लोग इन्हें भूलते जा रहे थे। लेकिन सीएम भूपेश बघेल की पहल पर एक बार यह खेल लोगों की जेहन में आ गए हैं।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के सभी जिलों के लगभग 1900 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। ये स्पर्धाएं 10 जनवरी 2023 तक चलेगी। इस मौके पर कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ राज्य पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव भी उपस्थित हैं।





