भिलाई। कोहका क्षेत्र के एक बार संचालक को उसके कुक ने लाखों का चूना लगाया है। नया कुक गांव से लाने के नाम पर बार संचालक से रुपए लिए और गांव जाने के बाद नहीं लौटा। कई माह इंतजार करने के बाद बार संचालक ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 406, 408 के तहत अपराध दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार अवन्ती बाई चौक कोहका स्थित चेरिओट बार एण्ड रेस्टोरेंट के संचालक जुल्फीकार ने यह शिकायत दर्ज कराई। दर्ज शिकायत में उसने बताया कि उनकी बार में बलवीर सिंह रावत नाम का शख्स कुक के रूप में काम करता था। वह ग्राम रानाकोट पोस्ट रानाकोट तहसील नरेन्द्र नगर जिला टिहरी गड़वाल उत्तराखंड का रहने वाला है। वह बार में हेड कुक के रूप में 11 वर्षों से काम कर रहा था।
हेड कुक ने और दो कुक लाने के नाम पर उन्हें एडवांस देने के लिये 2,50,000 रुपए फरवरी 2021 में लिए थे। उसने कहा कि वो कुक लोग खुद आ रहे है। उसने कहा कि उसके पिता वहां से कुक भेज देगें। अप्रैल 2022 तक कुक नहीं आए तो कारण पूछने पर उसने कहा कि आप 30 हजार रुपए दो मैं खुद जाकर 10 दिन के अंदर गांव से उन्हें लेकर आता हूं। इसके बाद बार संचालक ने उसे तीस हजार रुपए 02 मई 2022 को दिए। पैसे लेकर वह चला गया और उसके बाद फिर नहीं लौटा। बार संचालक ने कहा कि कुक लाने के नाम पर उसके हेडकुक ने उससे पूरे 2 लाख 80 हजार रुपए लेकर भागा है। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।





