मुंबई। यहां की एक महिला आईआरसीटीसी के नाम पर जालसाजी का शिकार हो गई। रेलवे की टिकट का स्टेटस जानने के लिए आईआरसीटीसी को ट्विटर पर टैग करना महिला को भारी पड़ गया। ठग ने महिला से दो रुपए का ट्रांजेक्शन कराया और खाते से 64 हजार रुपए पार कर दिए। महिला को जब पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गई तब उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दरअसल महिला ने 14 जनवरी को यात्रा के लिए टिकट बुक कराया था। इनका टिकट आरएसी है और इसका करेंट स्टेटस जानने के लिए महिला ने आईआरसीटीसी के ट्विटर पर टिकट की जानकारी साझा कि। महिला मुंबई के विले पार्ले की रहने वाली है। महिला ने तो अपना टिकट व अन्य जानकारी साझा कर दिया इसका फायदा ठग ने उठाया।

बताया जा रहा है इसके बाद महिला के मोबाइल पर फोन आया ओर कॉलर ने खुद को आईआरसीटीसी के कस्टमर केयर का कर्मचारी बताया। उसने टिकट की जानकारी अपड़ेट करने के नाम पर महिला को झांसे में लिया। महिला भी उसके झांसे में आ गई। इसके बाद कॉलर ने कहा कि वह एक लिंक भेज रहा है उसमें दो रुपए का ट्रांजेक्शन करना है। महिला ने लिंक को क्लिक किया और जानकारी भरने लगी। इस बीच महिला के खाते से 64,011 रुपए पार हो गए। जैसे इसका मैसेज महिला के मोबाइल पर आया उसने कॉलर को फोन लगाया लेकिन फोन बंद हो चुका था। इसके बाद महिला विले पार्ले थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई है।
