बलौदाबाजार। चरित्र पर शंका के चलते एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पति ने हत्या की योजना बनाकर पत्नी के मायके गया और वहां से उसे भाजी तोड़ने के बहाने खेत ले गया। खेत में हत्या करने के बाद आरोपी वहीं बैठा रहा। चीख पुकार सुन आरापी की दो सालियां वहां पहुंची और अपने जीजा को पकड़कर बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बलौदाबाजार जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र का है। यहां के मल्दी निवासी राजेश चौहान की इसी साल जून में गेयतरा निवासी ममता से शादी हुई थी। राजेश चौहान गुजरात में काम करता था लेकिन शादी के बाद से वह काम पर नहीं गया था। इधर शादी के दो माह बाद से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। राजेश को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है।
इसी बात को लेकर अक्सर दोनों मे विवाद होता था। लड़की इस बीच मायके आकर रहने लगी थी। परिवार वालों के समझाने पर वापस गई थी। घटना के 15 दिन पहले ही ममता अपने मायके आई थी और अपने पति की करतूत भी बताई। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले ही राजेश अपनी पत्नी को लेने उसके मायके पहुंचा था। शनिवार दोपहर को उसने अपनी पत्नी को भाजी तोड़ने की बात कही और खेतों की ओर लेकर गया।

काफी देर बाद जब दोनों नहीं लौटे। इधर ममता के चीखने की आवाज आई तो उसकी बहने खेत में पहुंची। यहां देखा उसकी बहन खून से लथपथ पड़ी थी और उसका जीजा बैठा था और मौके से भागने की फिराक में था। दोनों बहनों ने बहादूरी दिखाई और अपने जीजा को पकड़कर बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आरोपी घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल मामले की पुलिस जांच कर रही है।




