रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड़ ग्राउंड में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों व जवानों को नव वर्ष की बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 10 नव निर्मित थानों का वर्चुअली लोकार्पण भी किया। समारोह में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा भी उपस्थित रहे।
बता दें पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा 10 थानों का नव निर्माण करवाया है। प्रत्येक थाने का निर्माण ढाई करोड़ रुपए की राशि से किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में इन्हीं थानों का वर्चुअली लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा-सुरक्षा व्यवस्था, अपराधों के नियंत्रण के साथ-साथ कोरोना काल मे मानवता की सेवा करने में हमारे जवानों ने देश में उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के साहस, समर्पण और बहादुरी से बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, पल-पुलिया निर्माण संभव हो सका है। अंदरूनी इलाकों में लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। लोग पुलिस कैंम्प खोलने की मांग करने लगे हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस जवानों से कहा नए साल के पहले दिन मैं आपके बीच आता हूं और इस वर्ष भी इस परंपरा का निर्वाह किया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री बघेल ने दन्तेश्वरी फाइटर्स की सुनैना पटेल से चर्चा करते हुए कहा कि लोगों से उनकी भाषा मे बात करें, इससे अपनापन बढ़ेगा। सुनैना ने बताया अब बस्तर अंचल में लोग पुलिस कैम्प खोलने की मांग करते हैं। सुकमा के एएसआई पूर्व नक्सली रहे जवान ने बताया कि पहले जंगल जंगल भटकते थे। वे हल्बी और गोंडी में लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देते हैं। लोगों का सहयोग मिलता है।
बीजापुर के एएसआई रामलाल ने बताया कि ने कैंप खुले हैं। पुलिस पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। नक्सलियों द्वारा सड़क काटने की घटना नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री ने मुख्यसचिव को अंदरूनी इलाकों में कैंप लगाकर राशनकार्ड, आधार कार्ड, वनाधिकार पत्र बनवाने के निर्देश दिए। बस्तर इलाके में नक्सली अब छोटे से क्षेत्र में सिमट कर रह गए हैं हमारे जवानों ने आदिवासियों और वनवासियों का विश्वास जीतने में सफलता पाई है।




