साल 2022 अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। क्रिसमस-नए साल का उत्सव और छुट्टियों का सीजन भी शुरू हो रहा है। आज क्रिसमस का उत्सव है, प्रभु यीशु के जन्मदिवस को पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया जाता है। लोग एक दूसरे को केक खिलाकर उत्सव का आनंद लेते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन सबके बीच सेहत को लेकर भी अलर्ट रहने की आवश्यकता होती है। आहार में बरती गई लापरवाही त्योहारों-छुट्टियों के सीजन में आपके शुगर लेवल और वजन को बढ़ा सकती है।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, बहुत से लोगों का छुट्टियों के आसपास वजन बढ़ जाता है। वहीं अगर आप डायबिटिक हैं तो और भी सावधान रहने की आवश्यकता है, केक-कुकीज आदि शुगर लेवल को बढ़ा सकते हैं। त्योहारों के इस सीजन में सेहत को लेकर लापरवाही बिल्कुल नहीं बरतनी चाहिए। आइए जानते हैं कि वजन और शुगर लेवल को कंट्रोल करते हुए किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से बचे रहने के लिए किन बातों का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है?
क्या है स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, क्रिसमस-नए साल की छुट्टियों का यह समय उत्साह और आनंद का तो होता है पर इन सबके बीच सेहत को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। यूके, पुर्तगाल और डेनमार्क में 1,000 लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि क्रिसमस की अवधि में लोगों ने औसतन दो फीसदी वेट गेन किया। वजन बढऩे की समस्या और इसपर ध्यान न देना, लंबी अवधि में कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकती है। त्योहारों के इस सीजन में कुछ बातों को लेकर विशेष सावधानी बरतते रहना चाहिए।

खान-पान को लेकर बरतें सावधानी
क्रिसमस-नए साल की पार्टियों के दौरान सेहत को नजरअंदाज न करें, आहार का विशेष ध्यान रखें। स्वस्थ आहार का सेवन करें। अधिक मात्रा में केक-कुकीज खाने से बचें, इन चीजों से न सिर्फ शुगर लेवल बढऩे का खतरा रहता है साथ ही ये तेजी से बजन बढ़ाने वाली भी हो सकती हैं। आहार में मौसमी फलों-सब्जियों को शामिल करें। बॉडी डिटॉक्स करने वाले फलों-सब्जियों के जूस का सेवन करें।
व्यायाम बहुत आवश्यक
शरीर को स्वस्थ रखने और वजन को कंट्रोल रखने में नियमित व्यायाम की आदत को सबसे आवश्यक माना जाता है। इससे वजन और शुगर लेवल दोनों को कंट्रोल किया जा सकता है। छुट्टियों के सीजन में भी योग-व्यायाम को जारी रखें। ये कैलोरी को तेजी से बर्न करने में मददगार होते हैं, जिससे वजन बढऩे का खतरा कम होता है। सेहत को हमेशा प्राथमिकता में रखें।




