धमतरी. अप्राकृतिक संबंध बनाने की डिमांड करने पर एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक ने मृतक की लाश को तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने मृतक की बॉडी मिलने पर जब जांच शुरू की तो हत्या की यह गुत्थी सुलझी। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए युवक क्रांति चतुर्वेदी (35) की हत्या के आरोप में रफीक खान (30) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना दिन मृतक ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला था।
6 दिसंबर को घर से निकला था मृतक
पुलिस ने बताया कि 12 दिसंबर की शाम चौपाटी के पास मकई तालाब में अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। बाद में उसकी पहचान क्रांति चतुर्वेदी (35) साल्हेवारपारा निवासी के रूप में हुई थी। क्रांति बीते 6 दिसंबर को घर से निकला था। देर रात तक उसके नहीं लौटने पर पुलिस ने पतासाजी की। इसके बाद परिजनों ने सिटी कोतवाली में 8 दिसंबर को गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराया था।

सीसीटीवी फुटेज से मिला क्लू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीते 6 दिसंबर से सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। उस रात एक कैमरे में रफीक शराब लेकर आते हुए दिखाई दिया। लोगों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि आखिरी बार क्रांति चतुर्वेदी को रफीक खान के साथ देखा गया है। शक के आधार पर रफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पहले पत्थर से मारा फिर चाकू मारा
डीएसपी सारिका वैद्य ने बताया कि 6 दिसंबर की रात क्रांति और रफीक दोनों ने मिलकर शराब पी। इसके बाद क्रांति ने रफीक से उसके साथ अप्राकृतिक मैथुन करने कहा। रफीक के मना करने पर क्रांति अश्लील गाली गलौज करते हुए पत्थर से फेंक कर मारा। आवेश में आकर रफीक ने भी पत्थर मारा, जो क्रांति के सिर पर लगा और वहीं गिर गया। उसी समय रफीक अपने पास रखे धारदार चाकू से क्रांति के गले में चार बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। लाश को तालाब में फेंकने के बाद वह अपने घर चला गया। इस मामले में आरोपी रफीक खान (30) पिता स्वर्गीय गुफरान निवासी मकेश्वर वार्ड को धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।