दिल्ली. 17 साल की नाबालिग लड़की पर ऐसिड फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना दिल्ली की है। जहां बुधवार सुबह द्वारका इलाके में सुबह 7:30 बजे नाबालिग पर तेजाब फेंका गया। लड़की छोटी बहन के साथ जा रही थी, तभी बाइक पर सवार 2 लोग आए। पीछे बैठे लड़के ने तेजाब फेंक दिया।
हिरासत में लिया है
पुलिस के पास घटना की सूचना सुबह 9 बजे आई थी। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। लड़की को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। उसने पहचान के 2 लोगों पर शक जाहिर किया है। लड़की के पिता ने मीडिया को बताया कि बेटी की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटियां आज सुबह एक साथ बाहर निकली थीं। तेजाब फेंकने वाले दोनों आरोपियों ने चेहरा ढका हुआ था। तेजाब के जलने से वह बुरी तरह तड़प रही है। उसकी पीड़ा मुझसे देखे नहीं जा रही है। आरोपियों को पुलिस सख्त से सख्त सजा दे।
कानून का डर नहीं
दिल्ली महिला आयोग प्रमुख स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने घटना का वीडियो शेयर करते हुए पूछा- देश की राजधानी में दिन दहाड़े एक स्कूली बच्ची पर 2 बदमाश दबंगई से तेजाब फेंककर निकल जाते हैं। क्या किसी को भी अब कानून का डर है ? क्यों तेजाब पर बैन नहीं लगाया जाता? शर्म की बात है। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले की जांच के लिए एक टीम सफदरजंग हॉस्पिटल भेजी है।