कांकेर. छत्तीसगढ़ के कांकेर में शादी समारोह में आए एक ही परिवार के चार लोग कार सहित रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए थे। इसकी गुत्थी अब सुलझ गई है। सोमवार सुबह लापता हुई कार कुएं में गिरी मिली है। शनिवार की रात जंगलवार कॉलेज के पास से कार सवार लापता हो गए थे। जंगलवार के नजदीक ही कुएं में गाड़ी मिली है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ लोग मौजूद हैं। कार को बाहर निकाल लिया गया है। कार में सवार सभी चार लोगों के शव भी बाहर निकाल लिए गए हैं।

पुलिस ने चलाया था ज्वाइंट ऑपरेशन
शनिवार देर रात से गायब हुए इस परिवार का रविवार देर रात तक कुछ पता नहीं चला था। पुलिस विभाग चार राज्यों में ज्वाइंट ऑपरेशन चला रही थी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी। परिवार कांकेर शहर के गोविंदपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। अचानक एनएच-30 से लापता होने से पुलिस में हड़कंप मच गया था।
स्थानीय लोगों ने जाकर देखा कुएं में
जंगलवार कॉलेज के पास हाईवे से करीब 15 मीटर की दूरी पर बड़ा सा कुआं मौजूद है। स्थानीय लोगों को जब इस जगह पर कार के गायब होने की खबर लगी तो उन्होंने कुएं के पास जाकर देखा तो कार गिरी मिली। कुआं काफी बड़ा और गहरा है। आसपास झाडिय़ां और पेड़ है। रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और क्रेन के जरिए कुएं के आसपास सफाई की और कार को बाहर निकाला।

चारों का मोबाइल भी था बंद
कोंडागांव से सपन कुमार सरकार अपनी पत्नी रीता सरकार, उनके भाई विश्वजीत अधिकारी और अन्य रिश्तेदार हजारी लाल ढाली के साथ कांकेर शादी समारोह में आए हुए थे। ये सभी मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले हैं। शादी समारोह में शामिल होकर सभी अपनी कार से लौट रहे थे। शनिवार रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर दुधावा चौक पार करने के बाद जंगलवार कॉलेज के पास चारों के मोबाइल कॉल करने पर बंद बताने लगा। उसके बाद चारों का कोई पता नहीं चल सका था।