इंदौर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री टीसी सिंहदेव शामिल हुए। ये यात्रा कन्याकुमारी से शुरू होकर अब मध्य प्रदेश पहुंच चुकी है। मध्यप्रदेश में आज चौथे दिन यात्रा खंडवा के मोरटक्का गांव से शुरू हुई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए अपने साथ राज्य की मिट्टी और 7 नदियों का जल लेकर गए हैं।
प्रियंका भी चली भाई राहुल के साथ
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा व पार्टी के अन्य नेता, समर्थक भी मौजूद रहे। इसके अलावा यात्रा में मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए हैं। यात्रा में शामिल हुए मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा प्रजातांत्रिक बुनियाद रखेगी। छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में कांग्रेस मजबूत होगी। आखिरी के एक साल के लिए सीएम बनने के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि ये छोटी बात है, राहुल गांधी के संकल्प के सामने। हम सब एक होकर काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में यात्रा का फायदा छत्तीसगढ़ में दिखेगा।




