कांकेर। भानुप्रतापपुर उप चुनाव के लिए सोमवार को नाम वापसी व चुनाव चिह्न आबंठन किया गया। स्कूटनी के बाद बचे 21 में आज 14 लोगों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही अब उपचुनाव में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। उपचुनाव के लिए 5 दिसम्बर को मतदान होगा और आठ दिसम्बर को मतगणना होगी।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उप चुनाव के लिए कुल 39 लोगों ने नामांकन दाखिल किया था। 18 नवंबर को स्क्रूटनी के बाद 18 लोगों का नामांकन रद्द हुए और 21 नामांकन को वैध घोषित किया गया। सोमवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। इस दौरान 14 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद चुनावी मैदान में अब 7 उम्मीदवार बच गए हैं।
इनके बीच अब होगा मुकाबला
नामांकन वापसी के बाद कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी, भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के घनश्याम जुर्री, अंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया के शिवलाल पुडो, राष्ट्रीय जनसंघ पार्टी के हीरा नेताम, निर्दलीय अकबर कोर्राम और दिनेश कुमार कल्लो शामिल हैं। वहीं आज अर्जुन सिंह, अयुनाराम ध्रुव, गौतम कुंजम, जीवन राम ठाकुर, दुर्योधन दर्रो, देवप्रसाद जुर्री, नागेश कुमार महला, प्रमेश कुमार टेकाम, बलराम तेता, महात्मा कुमार दुग्गा, रेवतीरमन गोटा, रोहित कुमार नेताम, लक्ष्मीकांत गावड़े और सेवालाल चिराम ने अपना नामांकन वापव ले लिया है।