भिलाई। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा बालक मरोदा डेम में डूब गया है। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा लेकिन बालक का कुछ भी पता नहीं चला। रात ज्यादा होने से रेस्क्यू टीम ने तलाश रोक दी है। शुक्रवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार टाउनशिप के 10 दोस्त पिकनिक मनाने मरोदा डेम पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान बाकि दोस्त खाना खा रहे थे और इस बीच गितांश हिरवानी (16) गहरे पानी में चला गया। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय बाकी दोस्तों को कुछ पता नहीं चला था। काफी देर तक उसके नहीं दिखने से वे घबरा गए। इसके बाद चीख पुकार मच गई और सूचना पुलिस तक पहुंची। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को सर्चिंग में लगाया गया लेकिन कुछ पता नहीं चला। रात होने पर रेस्क्यू रोक दिया गया है। उतई पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह फिर से तलाश की जाएगी।




