बिलासपुर. छत्तीसगढ़ में एक दुष्कर्म पीडि़ता का आरोपी युवक ने फोटो और घर का पता फेसबुक में डालकर वायरल कर दिया है। आरोपी यही नहीं रूका उसने युवती को धमकाते हुए कहा अगर शिकायत वापस नहीं लिया तो वह उसको कहीं न नहीं छोड़ेगा। इस कदर बदनाम करेगा कि उसके घर वाले भी शहर छोडऩे पर मजबूर हो जाएंगें। यह मामला बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
फरार है आरोपी
सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली युवती ने कोयला व्यवसायी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की है। इसके बाद से कुम्हारपारा में रहने वाला युवक दुष्कर्म पीडि़त की फोटो और पता फेसबुक में डालकर बदनाम कर रहा है। इधर मामले में फरार आरोपी को सिविल लाइन पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी उसे पहले मामला वापस लेने प्रलोभन दे रहा था। अब उसने पीडि़त को धमकियां भी देनी शुरू कर दी है। युवती ने इसकी शिकायत थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
पुलिस ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली युवती निजी संस्थान में काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान कोयला व्यापारी रामजीत सिंह से हुई। जान-पहचान का फायदा उठाते हुए कोयला व्यवसायी ने युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। बाद में वह शादी से इंकार करने लगा। शादी के लिए दबाव बनाने पर वह युवती को जान से मारने की धमकी देने लगा। युवती इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर लिया। इस बीच मामले का आरोपी रामजीत सिंह फरार हो गया।