दुर्ग। छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर 2022 से प्रारंभ धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को कठिनाइयां आ रही है जिसके लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व द्वारा धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के सहयोग एवं समस्या के समाधान के लिए निगरानी दल के गठन हेतु निर्देशित किया गया है। प्रदेश भाजपा के निर्देशानुसार दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा द्वारा जिले के तीनों विकासखंड के हर धान खरीदी केंद्र हेतु तीन सदस्यीय निगरानी दल गठन किया है जिसमें एक प्रभारी व दो सह प्रभारी की नियुक्ति की गई है।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि प्रदेश में धान खरीदी प्रारंभ हो गयी है। प्रदेश के किसान भाई-बहनों को धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी प्रतिबद्ध है। किसान भाई-बहनों के सहयोग व समस्या के समाधान के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रभारी व सह प्रभारी की नियुक्ति की गई है। धान बेचने में किसी प्रकार की समस्या आने पर धान खरीदी केंद्र के भाजपा निगरानी दल द्वारा उसका समाधान कराया जायेगा साथ ही प्रभारी व सह प्रभारी धान खरीदी केन्द्रों की निरंतर निगरानी करेंगे ताकि किसान भाई-बहनों को किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने पिछले वर्ष धान खरीदी में किसानों की आई परेशानी को रेखाकिंत करते हुए कहा कि विगत वर्ष किसान भाई-बहनों को टोकन लेने से लेकर धान की भुगतान प्राप्ति तक सोसायटी और बैंक के अनेक चक्कर लगाने पड़े थे। बारदाने की कमी के चलते किसानों को महंगे दाम पर बाजार से बारदाना लेना पड़ा था। धान के उठाव नहीं होने से धान खरीदी रोक दी जाती थी। किसान भाई-बहन कई-कई दिन तक धान को रखने के लिए मजबूर हो गए थे, जिसके कारण असमय बारीश से उन्हें आर्थिक हानि भी उठानी पड़ी थी। वर्तमान वर्ष में किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए भाजपा द्वारा प्रत्येक धान खरीदी केंद्र के लिए निगरानी दल का गठन किया गया है।





