श्रीकंचानपथ डेस्क। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां के मच्छु नदी पर बने केबल ब्रिज के अचानक टूट जाने से कई लोग नदी में गिर गए हैं। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया है। पुलिस और प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक प्रशासन की टीम नदी में गिरे लोगों का रेस्क्यू कर रही थी। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। वहीं गुजरात के सीएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त पुल पर बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि केबल ब्रिज काफी पुराना है और महज 5 दिन पहले ही इसे रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था। रिनोवेशन के बाद भी इतना बड़ा हादसा होने पर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते 7 महीने से इस पुल की मरम्मत चल रही थी। लंबे समय बाद पुल को खोला गया था। यहां बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। रविवार का दिन छुट्टी का होने के कारण बड़ी तादाद में लोग अपने परिवारों के साथ पुल पर तस्वीरें और सेल्फी लेने के लिए पहुंचे थे।
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने इस संबंध में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से बात की. उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने के लिए कहा है। पीएम मोदी ने स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने के लिए भी कहा है। वहीं गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने घायलों के तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जांच के भी निर्देश दिए हैं।





