श्रीकंचनपथ, डेस्क। यूपी-बिहार के सबसे बड़े पर्व छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में लोग इसकी तैयारियां कर रहे हैं। इस बीच छठी मैय्या के लिए प्रसाद भी बनाया जा रहा है। बिहार के औरंगाबाद में छठ पूजा के लिए प्रसाद बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां के एक शख्य के घर पर प्रसाद तैयार किया जा रहा था और तभी सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट इतना खतरनाक था कि दो मंजिला मकान में आग लग गई। आग में झुलसने से 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद आग पर काबू पाने के दौरान पुलिसकर्मी भी झुलस गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
![](https://shreekanchanpath.com/wp-content/uploads/2024/06/ezgif.com-animated-gif-maker.gif)
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना औरंगाबाद शहर तेली मोहल्ले की है। शुक्रवार की रात यहां रहने वाले अनिल गोस्वामी नामक शख्स के घर में छठ पूजा के लिए महिलाएं देर रात प्रसाद बना रही थीं। इस दौरान अचानक गैस सिलेंडर फट गया। इससे दो मंजिला इमारत वाले घर में आग लग गई। बताया जा रहा है कि प्रसाद बनाने के दौरान गैस की पाइप लीकेज होने से रिसाव होने लगा और धीरे-धीरे गैस का रिसाव सिलेंडर तक पहुंच गया, जिससे ब्लास्ट हो गया। इस दौरान 30 से ज्यादा महिला-पुरुष आग की चपेट में आने से झुलस गए।
इसके बाद फायर सर्विस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे फायर सर्विस के कर्मियों व स्थानीय पुलिस आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगी। इस प्रयास में 7 पुलिस कर्मी भी झुलस गए। गनीमत यह रही है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। बहरहाल सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।