भिलाई। एक नवंबर से जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। शुक्रवार को क्रेडा के सदस्य विजय साहू ने धान खरीदी केन्द्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अफसरों से धान खरीदी को बेहतर तरीके से करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने कहा कि धान खरीदी में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विजय साहू कृषक सेवा समिति कोहका के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ खरीदी केंद्र के प्रबंधक विमल वर्मा व डाकवर धु्र्वे मौजूद रहे।
इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि इस खरीदी केंद्र में कुल 896 किसान पंजीकृत हैं। इस बार यहां पर 28000 टन धान की खरीदी का अनुमान है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस केंद्र में 22500 नया बारदाना और 25000 पुराना बारदाना है इसके अलावा 20 हजार बारदाना की मांग और की गई है। विजय साहू ने खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के कार्य को त्रुटि रहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में धान की बिक्री के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने धान खरीदी केन्द्रों में आद्र्रता मापी यंत्र, काटा-बाट, किसानों की बैठक व्यवस्था, कैप कव्हर सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। धान की बिक्री के लिए किसान पंजीयन के कार्य को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। श्री साहू ने बारदानों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए आवश्यक बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा धान खरीदी की सतत मानिटरिंग हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों की समुचित साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, शेड एवं बारदाना की उपलब्धता के साथ-साथ विद्युत एवं इंटरनेट कनेक्शन की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कृषक सेवा सहकारी समिति कोहका में वर्तमान समिति की जानकारी श्री साहू ने जिला केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष जवाहर वर्मा को दी और उनसे तत्काल प्राधिकृत अधिकारी की नियुक्ति की मांग भी की। धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान धर्मराज शर्मा, युगल देशमुख, भोला देशमुख, भानु देशमुख, भूपेंद्र साहू सहित केंद्र के अधिकारी मौजूद थे। बता दें कृषक सेवा सहकारी समिति कोहका में कुरुद, जामुल, खेदामारा, ढौर, अकलोरडीह, जुनवानी, कोहका, खम्हरिया, कातुलबोर्ड, बघेरा शामिल है।