जशपुर। जिले के सन्ना थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार किया है। अधेड़ ने यहां दिवाली मनाने पहुंची महिला से रेप किया था। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने अधेड़ के खिलाफ धारा 450, 376 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी अधेड़ को सन्ना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सन्ना पुलिस के मुताबिक अंबिकापुर में रहकर मजदूरी करने वाले पति-पत्नी अपने बच्चों के साथ वहीं रहते हैं। दीपावली त्यौहार मनाने महिला अपनी बेटी के साथ थाना सन्ना क्षेत्रान्तर्गत अपने गृह ग्राम पहुंचे थे। 22 अक्टूबर की दोपहर को महिला की बेटी लकड़ी लेने जंगल गई थी। महिला घर पर दोपहर करीब 2-3 बजे जमीन में चटाई बिछाकर सोई थी। उसी समय गांव का सुखराम दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया और महिला से दुष्कर्म किया।
महिला ने शोर मचाया तो वह भाग गया। इसके बाद महिला ने अपनी बेटी के साथ पहुंचकर थाने में सुखराम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी सुखराम की तलाश शुरू कर दी। घटना के बाद आरोपी अधेड़ फरार हो गया था। गुरुवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुखराम को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।