भिलाई। उतई थाना क्षेत्र के परसाही में युवक की हत्या का राज खुल गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसने अपना गुनाह भी कुबूल कर लिया है। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि मृतक के दूर का मौसेरा भाई है। उधारी का पैसा बार बार मांगने से तंग आकर युवक ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बता दें शुक्रवार की सुबह उतई थाना क्षेत्र के परसाही खदान के पास शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान ईश्वर साहू के रूप में की। ईश्वर साहू लकड़ी का व्यापारी था और परसाही में उसका ससुराल था। गुरुवार शाम को वह घर से निकला और शुक्रवार की सुबह उसकी लाश मिली। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इसे हत्या का मामला माना और उसी दिशा में छानबीन शुरू की।
जल्द ही पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ने इस मामले में शक के आधार पर मृतक के मौसेरे भाई योगेश कुमार साहू को हिरासत में लिया। एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि मृतक ने योगेश साहू को 15 हजार रुपए उधार लिया था। ईश्वर साहू अपने पैसे बार बार मांग रहा था। रुपए बार बार मांगने से योगेश साहू तंग आ गया और और गुरुवार को उसने ईश्वर को परसाही खदान के पास मिलने के लिए बुलाया। यहां पर उसने ईश्वर साहू की हत्या कर दी और फरार हो गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
