भिलाई। पाटन के घुघुआ में दो पक्षों के विवाद के बाद सरपंच के खिलाफ ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। इस दौरान यहां पर जमकर बवाल हुआ। सरपंच परिवार व ग्रामीणों के बीच वाद विवाद- गाली गलौच शुरू हो गई। इसकी सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और और मामला सुलझाने का प्रयास किया। लाख कोशिशों के बाद मामला थमता नजर नहीं आया। इसके बाद पाटन थाना प्रभारी सहित भट्टी पुलिस व एसडीओपी पाटन ने पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों में आक्रोश इतना था कि वहां खड़ी गाड़ी को भी फूंक दिया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को ग्राम घुघुवा में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस पहुंची तो यहां 20 से 25 की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा थे उनके साथ में महिलाएं भी थी। सभी सरपंच से गाली गलौज कर रहे थे। इस दौरान छत पर सरपंच एवं उसका परिवार भी खड़ा था और ग्रामीणों से गाली गलौज कर रहा था। पुलिस इन्हें समझाती रही और वे उग्र होते रहे।
इस दौरान महिलाओं का गुस्सा देखने लायक था। महिलाओं ने काफी गदर मचाया। पुलिस के समझाने व रोकने के बाद भी महिलाएं नहीं मानी और बाहर खड़ी गाड़ी को मिट्टी तेल डालकर आग के हवाले कर दिया। इस दौरान माहौल काफी बिगड़ गया। ग्रामीण पुलिस पर भारी पड़ने लगे। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर पाटन एसडीओपी, भट्टी थाना प्रभारी व महिला थाने से बल बुलाया गया और महिलाओं को काबू में किया गया। इस बीच रात भर ग्राम घुघुवा में तनाव का माहौल रहा। शुक्रवार की सुबह भी पुलिस बल मौके पर मौजूद है। बताया जा रहा है कि अभी स्थिति सामान्य है।
