राजनांदगांव। नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के नक्सल प्रभावित क्षेत्र संबलपुर में नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां पर नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह सर्चिंग के लिए पहुंचे डीआरजी जवानों ने शव को बरामद किया। नक्सलियों ने जवान के पिता को पहले गोली मारी और इसके बाद धारदार वस्तु से गला भी रेता गया। पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पीएम के लिए भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने जिले के कोहका थाना क्षेत्र के संबलपुर गांव से लगे जंगल में इस घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने रविंद्र साय कटेगा (55) को गोली मार दी। इसके बाद नक्सलियों ने उस पर कुल्हाड़ी से भी वार किया और जंगल की ओर भाग गए। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की DRG फोर्स शनिवार सुबह संबलपुर के जंगल में पहुंची और यहां से टीम ने रविंद्र साय कटेगा का शव बरामद किया।

इसके बाद जवानों ने आसपास सर्चिंग भी लेकिन कुछ संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। नक्सलियों ने आरक्षक के पिता की हत्या के बाद उसकी बाइक को भी जला दिया था। पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने शुक्रवार शाम 4 बजे के आसपास इस हत्याकांड को अंजाम दिया। बताया जा रहा है आरक्षक का पिता गोपनीय सैनिक के रूप में काम कर रहा था। नक्सलियों ने इस क्षेत्र में 25 लोगों की हत्या का फरमान जारी किया हुआ है। माना जा रहा है यह हत्या भी इसी के तहत की गई है।
