रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कबीरधाम जिले के भेंट- मुलाकात प्रवास के दौरान सोमवार को यहां के एनएच 30 के सकरी नदी पर 9 करोड़ 10 लाख की लागत से निर्मित उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया। सकरी नदी पर निर्मित यह पुल शहर का सबसे ऊंचा पुल है। इसके बन जाने के बाद मध्यप्रदेश के जबलपुर, मंडला, रायपुर, मार्ग तथा राज्य के निकटतम जिला मुंगेली, बेमेतरा, बिलासपुर मुख्यालय के लिए बारहमासी संपर्क बना रहेगा।
बता दें अंग्रेजों के जमाने में बना सकरी नदी का पुल काफी जर्जर हो गया था, जिसमें बरसात के दिनों में बाढ़ आ जाने से आवागमन का संपर्क टूट जाता था। इस नदी में उच्च स्तरीय पुल बनाने की मांग काफी लंबे समय से की जा रही थी। कैबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने जन आकांक्षाओं और कबीरधाम जिले के समुचित विकास को ध्यान में रखते हुए सकरी नदी में उच्च स्तरीय पुल निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध भी किया था। कैबिनेट मंत्री अकबर के प्रयासों से राज्य शासन द्वारा उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 9 करोड़ 10 लाख रूपए की स्वीकृति मिली। अब पुल बनने के बाद आज इसका लोकार्पण भी हो गया।
9 माह में बनकर हुई तैयार
मध्यप्रदेश और रायपुर-मुंगेली-बिलासपुर को जोड़ने वाली उच्च स्तरीय पुल महज 9 महीने में बनकर हुआ है। रायपुर-कवर्धा-जबलपुर राष्ट्रीय राज्यमार्ग क्रमांक 30 के सकरी नदी पर पुलमय पहुंचमार्ग का निर्माण कार्य किया गया है। पुल की लंबाई 90 मीटर और चौड़ाई 16 मीटर है। कार्यस्थल पर 15-20 स्कील्ड लेबर एवं 40-50 अनस्किलड लेबर के भागीदारी से यह नवीन पुल बनकर आम जनता की सुविधा के लिए तैयार हुआ है। अब लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। कबीरधाम जिले के नागरिकों ने पुल की सौगात के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है।
पुल के लोकार्पण अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री त्रयम्बकेश्वर शरण सिंहदेव, केबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर विधायक पंडरिया ममता चन्द्राकर सहित नीलकण्ठ चंद्रवंशी, छ ग राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल संभागायुक्त दुर्ग महादेव कावरे, कलेक्टर जनमेजय महोबे, नगरपालिका अध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि होरी साहू, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा राम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।