जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में चोर भी बड़े शातिर हो गए हैं और चोरी के लिए नए-नए तरीके इजाद करते रहते हैं। जांजगीर-चांपा जिले में भी चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें चोरों ने बड़े ही यूनिक तरीके से घटना को अंजाम दिया। दरअसल घर के सारे लोग बाहर गए हुए थे। गुरुवार को वे घर लौटे तो बाहर से सबकुछ ठीक था लेकिन घर के अंदर पहुंचे तो हैरान रह गए। अलमारी खुली थी और कपड़े बिखरे हुए थे। लॉकर खोल के देखा तो लगभग 4 लाख के गहने व 2 लाख रुपए नकद गायब था।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जांजगीर चांपा जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिशन कंपाउंड में रहने वाले एलियट नंद अपने परिवार के साथ 30 सितंबर को कोरबा गए थे। उनकी पत्नी का यहां के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। इलाज के बाद वे 6 सितंबर को घर वापस लौटे तो गेट व घर के दरवाजे पर ताले लगे थे। ताला खोलकर घर के अंदर गए तो देखा कि अलमारी खुली हुई है और लॉकर से जेवर व नगदी पार हो गया। इसके बाद वे थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी उमेश साहू ने घटना के संबंध में बताया कि चोरों ने दरवाजे का ताला नहीं तोड़ा बल्कि पीछे खिड़की के ग्रिल का रॉड तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर पर कोई नहीं था इसलिए चोरों ने आसानी से घटना को अंजाम दिया है। परिवाल वालों के मुताबिक अलमारी में 7 तोला से भी ज्याद सोना व दो लाख रुपए कैश रखा था जिसे चोर चुरा ले गए। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 380 और 457 के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।





