श्रीकंचनपथ डेस्क। राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में रोज नया ट्विस्ट आ रहा है। कल तक मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री दिग्विजय सिंह की चर्चा थी अब कर्नाटक के दिग्गज कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री से चुनाव और भी दिलचस्प हो गई है। बताया जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं और शुक्रवार को वे भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार रात को सोनिया गांधी से मुलाकात की और उसके बाद ही इसका निर्णय लिया है।
बता दें राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की सरगर्मी शुरू होने के बाद सबसे पहले केरल के कांग्रेस नेता शशि थुरुर ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ने में दिलचस्पी दिखाई। इस बीच राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत का नाम काफी ऊपर आ गया। इसके बाद राजस्थान में जो सियासी घटनाक्रम हुआ उसके बाद किरकिरी हो गई। अशोक गहलोत अध्यक्ष चुनाव की रेस से बाहर हो गए। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन है और आज दिग्विजय सिंह, शशि थरूर के साथ ही मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा नामांकन दाखिल कर सकती हैं। नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है।

सोनिया गांधी की पसंद के नेता है खड़गे
मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर कहा जाता है कि वे भी गांधी परिवार के करीबी नेताओं में से एक हैं। गुरुवार को सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद उनके अध्यक्ष चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई। मल्लिकार्जुन खड़गे 8 बार विधायक व दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। खड़गे एक बार राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। वे सिर्फ 2019 में लोकसभा चुनाव हारे। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से खड़गे को दलित नेता होने का लाभ मिल सकता है। वे कर्नाटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं इसके कारण इनका वजन भी ज्यादा दिख रहा है।

अंतिम निर्णय सोनिया गांधी का होगा
मल्लिकार्जुन के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने को लेकर आखिरी फैसला सोनिया गांधी को लेना है। लेकिन सूत्रों से जो जानकारी सामने आ रही है उसके अनुसार खड़गे का अध्यक्ष पर के लिए नामांकन दाखिल करना तय है। इसकी औपचारिकता कुछ घंटों में पूरी हो जाएगी। इधर शशि थरूर व दिग्विजय सिंह का भी नामांकन दाखिल करना लगभग तय है। अब देखना यह है कि नामांकन दाखिले के अंतिम दिन और क्या क्या ट्विस्ट आ सकते हैं।