श्रीकंचनपथ, डेस्क। देश में आज भी बेटा और बेटी में फर्क के कई मामले सामने आते रहते हैं। आज भी महिलाएं बेटी की जगह बेटे की चाह रखती हैं। इसके लिए अंधविश्वास का भी सहारा लेते हैं और अपना सबकुछ लुटा बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सामने आया है। गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसे तांत्रिक को गिरफ्तार किया है जो बेटा पैदा करने का झांसा देकर महिलाओं से दुष्कर्म करता था। ऐसे ही एक महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने तांत्रिक को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के निवाड़ी इलाके की रहने वाली एक महिला ने गफ्फार नाम के तांत्रिक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है तांत्रिक ने उसकी बीमारी दूर करने व बेटा पैदा होने का झांसा दिया था। इसके झांसे में आ गई। 9 सितंबर को महिला तांत्रिक गफ्फार के पास पहुंची तो उसने प्रेतबाधा का भय दिखा और तंत्र पूजा के लिए अपने साथ रहने के लिए कहा।
इसके बाद तांत्रिक ने महिला को बंधक बनाकर 10 दिनों तक मेरठ रखा और इस दौरान उससे दुष्कर्म किया। महिला विरोध करती तो उसे मारने की धमकी देता था। किसी तरह महिला तांत्रिक के चंगुल से निकलकर पुलिस के पास पहुंची। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने 21 सितंबर को आरोपी तांत्रिक गफ्फार को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया। खास बात यह है कि दूसरे के घरों में बेटा पैदा करने का वाले तांत्रिक की पांच बेटियां हैं।
कई महिलाओं को बना चुका था शिकार
आरोपी तांत्रिक गफ्फार को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। तांत्रिक ने इससे पहले भी कुछ महिलाओं को बेटा पैदा होने का झांसा देकर तंत्र पूजा की और महिलाओं को अपनी हवस का शिकार बनाया। लोकलाज के भय से महिलाओं ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की। इधर तांत्रिक का शिकार बनी महिला भी सदमें है और पुलिस उसकी काउंसलिंग करा रही है।