उज्जैन. उज्जैन में पोहा फैक्ट्री में आग लगने से तीन महिलाएं जिंदा जल गईं। हादसा शुक्रवार शाम नागझिरी थाना क्षेत्र में उद्योगपुरी स्थित फैक्ट्री में हुआ। घटना के वक्त महिलाएं काम कर रही थीं। वहीं, अन्य महिला भी झुलसी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासन के अफसर पहुंचे हैं।
तीन महिला मजदूरों की लाश मिली
नागझिरी क्षेत्र की उद्योगपुरी में संचालित पोहा फैक्ट्री बिंदल प्रोसेस में शाम 5:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वंहा रखे रॉ मटेरियल में अचानक आग लग गई। आग की सूचना पर तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया। फायर कर्मी अंदर पहुंचे तो एक के बाद एक तीन महिला मजदूर की लाशें मिलीं।
एक महिला घायल
मृतकों में दुर्गाबाई पति राधेश्याम उम्र 45 साल निवासी बोरखेड़ी आगर मालवा, ज्योति पति पप्पू उम्र 25 साल निवासी नागझिरी, क्षमा बाई पति प्रभु लाल मालवीय उम्र 45 साल निवासी नेहरू नगर नागझिरी के रूप में पहचान हो पाई है। वहीं सीमा नाम की महिला को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।