दंतेवाड़ा. बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में जादू-टोना के शक में एक युवक ने अधेड़ व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी। आरोपी युवक ने वारदात को अंजाम देकर शव खेत में फेक दिया और खुद घर में जाकर छिप गया। मिली जानकारी के अनुसार जिले के गमावाड़ा गांव के मुंडरा पारा के रहने वाले नगड़ूराम भास्कर (55) की हत्या हुई है। नगड़ूराम बुधवार सुबह अपने घर से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के बाजार जाने के लिए पत्नी के साथ निकला था। पत्नी को इसने पहले बाजार भेज दिया और खुद गांव में ही किसी काम से रुक गया था।
मृतक का कर रहा था पीछा
गांव का ही एक युवक कमलू भास्कर (22) दोनों का पीछा करने लगा। जब नगड़ूराम पत्नी से अलग हुआ तो युवक ने मौका पाकर घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से पकड़ लिया। धारदार हथियार से गला काट दिया। फिर, शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भांसी थाना क्षेत्र का है।
पहले भी हो चुका है विवाद
पुलिस ने बताया कि गांव के युवक कमलू के साथ पहले भी विवाद हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश की। जिसमें आरोपी अपना घर में छिपा हुआ मिला है। पूछताछ में ही उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि नगड़ूराम उसके परिवार पर जादू-टोना कर रहा था। इससे सब की तबीयत बिगड़ रही थी। इसलिए उसे मार दिया।