रायपुर. TATA GROUP के पूर्व चेयरमैन और उद्योगपति साइरस मिस्त्री की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई। रविवार को सड़क हादसे के चलते उनका निधन हुआ है। मुंबई के पास पालघर में यह सड़क हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मिस्त्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के वक्त मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। घटना सूर्या नदी पर बने पुल की है। कार चालक समेत उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए। मिस्त्री के साथ कार में मौजूद एक और व्यक्ति की मौत हुई है।

पीएम मोदी (PM Modi) ने किया ट्वीट
साइरस मिस्त्री के निधन की सूचना मिलते ही पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा, “साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वह एक होनहार बिजनेस लीडर थे जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन कॉमर्स और इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है। उसने परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
विवाद पर हटाए गए थे
साल 2016 में विवादों के चलते साइरस मिस्त्री को टाटा संस गु्रप के चेयरमैन पद से हटाया गया था। मिस्त्री समर्थित फर्मों ने टाटा संस पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल में शिकायत की थी। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। जिसके बाद मिस्त्री छह साल तक चली इस लंबी कानूनी लड़ाई में टाटा गु्रप से हार गए थे।