वजन कम करना मौजूदा समय में लोगों के लिए बड़ा चैलेंज है। एक बार वजन बढ़ जाने के बाद इसे कम करने के लिए तमाम कोशिशों की आवश्यतकता होती है। व्यायाम से लेकर आहार में परिवर्तन तक, लोग वजन को कम करने के लिए क्या कुछ नहीं करते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि वजन का बढऩा संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक हो सकता है। अधिक वजन वाले लोगों में हृदय रोग, डायबिटीज से लेकर कई तरह की अन्य बीमारियों के पनपने का जोखिम भी अधिक होता है। यही कारण है आहार के चयन को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता होती है।
क्या आप भी वजन को कंट्रोल रखने के लिए कुछ भी खाने से पहले कई बार सोचते हैं? तो इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका सेवन आप भरपूर मात्रा में बिना वजन बढऩे के डर के कर सकते हैं। शारीरिक पोषक के लिहाजे से भी इन चीजों को काफी लाभकारी माना जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अपना सेहत ठीक रखने के लिए इन चीजों के सेवन की सलाह भी देते हैं। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

मौसमी फलों का सेवन कई प्रकार से लाभदायक
हर मौसम की अपनी कुछ खास विशेषता और पहचान होती है, मौसम के आधार पर कई प्रकार की फल और सब्जियां भी उपलब्ध होती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को आहार में मौसमी फलों-सब्जियों को जरूर शामिल करने की सलाह देते हैं। ये तमाम तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं और शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की इनसे आसानी से प्राप्ति की जा सकती है। मौसमी फलों का सेवन आपके स्वस्थ वजन के लिए भी लाभकारी होता है।
सूखे मेवे बहुत फायदेमंद
स्वस्थ और फिट शरीर के लिए सूखे मेवों के सेवन पर विशेषज्ञ जोर देते हैं। मेवे स्वस्थ वसा और प्रोटीन से भरपूर होते हैं और आपको लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद कर सकते हैं। शरीर को ऊर्जावान और स्वस्थ बनाने के लिए अखरोट, बादाम, मूंगफली, काजू और पिस्ता के रोजाना सेवन की आदत बनानी चाहिए। सूखे मेवे वजन को कंट्रोल रखने में भी आपके लिए कई प्रकार से मददगार हो सकते हैं।
प्रोटीन का स्रोत होते हैं चने
काले हों या सफेद, दोनों प्रकार के चनों को प्रोटीन का बेहतर स्रोत माना जाता है, इनका सेवन मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है और इससे वजन बढऩे का खतरा भी नहीं होता है। चने फाइबर का भी अच्छा स्रोत माने जाते हैं जो पेट को भरा हुआ रखने के साथ वजन को कंट्रोल रखने में आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं। शाकाहारी लोगों के लिए चनों को प्रोटीन के सबसे बेहतर स्रोतों में से एक माना जाता है।
साबुत अनाज को आहार में जरूर करें शामिल
अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रिशन में प्रकाशित एक शोध से पता चलता है कि रिफाइंड अनाज की तुलना में साबुत अनाज का सेवन करना आपके लिए ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है। इनमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है जो पेट को ठीक रखने के साथ वजन को कंट्रोल करने में आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं। साबुत अनाज कैलोरी को भी कंट्रोल रखने में मददगार होते हैं और इससे मेटाबॉलिज्म भी ठीक रहता है।