नोएडा (एजेंसी)। एक ओर जहां देश में बिगड़ते माहौल में तमाम लोग आग को हवा देने के काम करते हैं, वहीं दूसरी ओर हर समुदाय में ऐसे लोग भी हैं जो समय-समय पर सामप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए आगे आते हैं। नोएडा में भी सोमवार को ऐसा ही प्रेममय नजारा देखने को मिला जो पूरे देश के लिए मिसाल बन रहा है।
नोएडा में सांप्रदायिक सद्भाव का परिचय देते हुए मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने कांवडिय़ों पर पुष्प वर्षा करके उनका स्वागत किया। उन्होंने इस दौरान कांवडिय़ों को फल भी भेंट किए। सावन के पवित्र महीने में कांवडिय़ों की श्रद्धा का ऐसा सम्मान कर नोएडा के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाईचारे का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है।


कांवडिय़ों पर पुष्प वर्षा और उनके बीच फल वितरण का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। लोग इसकी खूब सराहना कर रहे हैं।

बता दें कि सावन के महीने में शिव भक्त कांवड़ में गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करते हैं। लंबी पैदल यात्रा पूरी करना उनके लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में कांवडिय़ों के लिए ऐसा स्वागत आयोजित कर नोएडा के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने समाज को बड़ा संदेश दिया है।